
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना
स्थान : हल्द्वानी

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित अपने आवास पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, हाल में हुई कैबिनेट बैठक के फैसलों और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी बात रखी। साथ ही कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों और कांग्रेस की बयानबाजी पर भी प्रतिक्रिया दी।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। हाल में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई और जनहित से जुड़े अनेक प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार नई योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम कर रही है, जिससे प्रदेश के विकास को गति मिल रही है। सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।




मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री समय-समय पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हैं और समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश देते हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में पहली बार कोई मुख्यमंत्री इतनी सक्रियता के साथ जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है।


आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राम सिंह कैड़ा ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि उत्तराखंड में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और पुष्कर सिंह धामी ही प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की विकास योजनाओं और जनहित में लिए गए फैसलों से जनता में विश्वास बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों से संतुष्ट है और आगामी चुनाव में भाजपा को फिर समर्थन देगी।

वहीं, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े कथित 200 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी किसी भी व्यक्ति का बचाव नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के सख्त खिलाफ हैं और किसी भी मामले में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से भ्रष्टाचार के मामलों में निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई की बात कही गई है।

राम सिंह कैड़ा ने रेखा आर्य के पति की ओर से लगाए गए कथित आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि इतने बड़े घोटाले की जानकारी थी तो लगभग 20 वर्षों तक साथ रहने के दौरान पहले इसकी शिकायत मुख्यमंत्री या संबंधित जांच एजेंसियों से क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यह अपने आप में जांच का विषय है। कैड़ा ने दावा किया कि इस मामले में सामने आ रही कथित वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास अब जनता से जुड़े कोई ठोस मुद्दे नहीं बचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल राजनीतिक चर्चा में बने रहने के लिए अनावश्यक बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी अंकिता भंडारी हत्याकांड तो कभी रामलीला मंच के शुद्धिकरण के मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने का प्रयास करती है। उनका दावा है कि कांग्रेस के पास प्रदेश के विकास के लिए कोई वैकल्पिक नीति या ठोस कार्यक्रम नहीं है।


राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार अपने कार्यों के आधार पर 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाएगी। वहीं, रेखा आर्य से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले में उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात दोहराई।

