कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने सुनीं जनसमस्याएं, कई मामलों का मौके पर निस्तारण

कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने सुनीं जनसमस्याएं, कई मामलों का मौके पर निस्तारण

स्थान : हल्द्वानी

रिपोर्टर : संजय जोशी

शुक्रवार को आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने अपने कैंप कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित कर आम जनता की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, धोखाधड़ी से धनराशि हड़पने, अवैध निर्माण, पारिवारिक विवाद, पेयजल समस्या और विकलांगता प्रमाण पत्र जैसे गंभीर मामलों को प्रमुखता से उठाया गया।

आयुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिससे फरियादियों को तत्काल राहत मिली।

कुछ मामलों में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर सुलह-समझौता भी कराया गया। प्रशासन की पहल से कई पुराने विवादों का शांतिपूर्ण निस्तारण संभव हो सका।

जनसुनवाई में सर्वाधिक मामले भूमि विवाद से संबंधित रहे। इस पर आयुक्त ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

हल्द्वानी क्षेत्र में पेयजल के अवैध कनेक्शनों के संबंध में पूछे जाने पर कुमाऊं आयुक्त ने कहा कि पेयजल कनेक्शनों की विस्तृत जांच कराई जाएगी और अनियमित पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे और मौके पर ही आवश्यक अभिलेखों की जांच कर समाधान प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया।

राहत मिलने पर फरियादियों ने आयुक्त दीपक रावत का आभार व्यक्त किया और कहा कि जनसुनवाई जैसे मंच से आम जनता को अपनी बात रखने का प्रभावी अवसर मिलता है।