
स्थान : रामनगर

ब्यूरो रिपोर्ट

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के मामलों की रोकथाम के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।


इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे ने द ग्रेट हिमालयन पब्लिक स्कूल, रामनगर में लगभग 300 छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर क्राइम, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया।

छात्रों को फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (X) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रोफाइल लॉक करने, अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा अंजान नंबर से आने वाली वीडियो कॉल से सावधान रहने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर बुलिंग से बचाव के उपाय भी विस्तार से समझाए गए।

पुलिस अधिकारी ने विद्यार्थियों को बताया कि चालान या अन्य किसी बहाने से भेजी जाने वाली संदिग्ध APK फाइल को डाउनलोड न करें, क्योंकि यह मोबाइल फोन का डाटा चुराने का माध्यम हो सकता है।


छात्र-छात्राओं को यह भी अवगत कराया गया कि यदि वे किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या साइबर फ्रॉड का शिकार होते हैं तो घबराएं नहीं और न ही कोई गलत कदम उठाएं। ऐसे मामलों में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या नजदीकी थाना/चौकी में संपर्क करें।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया। पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी स्कूलों और कॉलेजों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि युवा वर्ग को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखा जा सके।

