ऋषिकेश में भारद्वाज मेमोरियल ट्रस्ट का 14वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

ऋषिकेश में भारद्वाज मेमोरियल ट्रस्ट का 14वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

स्थान : ऋषिकेश

ब्यूरो रिपोर्ट

गंगानगर क्षेत्र में भारद्वाज मेमोरियल ट्रस्ट का 14वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, महापौर शंभू पासवान तथा भाजपा नेता संदीप गुप्ता उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से समाजसेवा के विभिन्न कार्य किए गए। स्कूल में अध्ययनरत 60 जरूरतमंद छात्राओं को शिक्षण सामग्री वितरित की गई, जिससे उनकी पढ़ाई में सहयोग मिल सके।

ट्रस्ट ने गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों की आर्थिक सहायता भी की। किडनी रोग से पीड़ित शिवेंद्र मनवाल और लीवर की बीमारी से ग्रसित तरुण भारती को 11-11 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। वहीं लकवा से पीड़ित बुजुर्ग विमल भट्ट को दवाइयों के लिए 5 हजार रुपये का चेक दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान ‘पॉलिथीन हटाओ, जूट के बैग अपनाओ’ अभियान के तहत 50 बुजुर्ग महिलाओं को जूट के बैग वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।

मुख्य अतिथि प्रेमचंद अग्रवाल और महापौर शंभू पासवान ने कहा कि ट्रस्ट द्वारा समाज हित में किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि अन्य सामाजिक संस्थाओं को भी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।

ट्रस्ट के अध्यक्ष वीरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय चंद्रभान की प्रेरणा से ट्रस्ट की स्थापना की गई थी। ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद और असहाय लोगों की हरसंभव सहायता करना है।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में मौजूद रहे।