राजभवन कूच को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, काशीपुर में रणनीति बैठक आयोजित

राजभवन कूच को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, काशीपुर में रणनीति बैठक आयोजित

स्थान : काशीपुर

ब्यूरो रिपोर्ट

प्रदेश की ज्वलंत समस्याओं और बढ़ते महिला अत्याचार के विरोध में 16 फरवरी को प्रस्तावित राजभवन कूच को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में काशीपुर स्थित श्री गौंड ब्राह्मण सभा भवन में कांग्रेस नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में 16 फरवरी को देहरादून में होने वाले राजभवन कूच को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया गया।

महानगर अध्यक्ष अलका पाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में महिला उत्पीड़न और महंगाई जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपील की कि वे क्षेत्र स्तर पर जनसंपर्क कर लोगों को आंदोलन से जोड़ें।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं आईसीसी सदस्य अनुपम शर्मा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मुद्दों से भटककर समाज को बांटने की राजनीति कर रही है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस सड़क से लेकर राजभवन तक आवाज बुलंद करेगी। इसके लिए मजबूत संगठनात्मक रणनीति के तहत व्यापक जनसमर्थन जुटाया जाएगा।

बैठक में उपस्थित नेताओं ने कहा कि 16 फरवरी का राजभवन कूच प्रदेश की जनता की आवाज को बुलंद करने का माध्यम बनेगा। कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया।

अंत में सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का भरोसा जताया और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की बात कही।