गंगोत्री-यमुनोत्री मार्ग पर अवैध खनन से मार्ग क्षतिग्रस्त, यातायात ठप

गंगोत्री-यमुनोत्री मार्ग पर अवैध खनन से मार्ग क्षतिग्रस्त, यातायात ठप

स्थान : मसूरी

ब्यूरो रिपोर्ट

केम्प्टी स्टैंड के निकट गंगोत्री-यमुनोत्री मार्ग पर अवैध रूप से किए जा रहे खनन के कारण मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रभावित मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है और इसे लगभग 15 से 20 दिनों तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इसके चलते रूट डायवर्ट कर दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

आज उप-जिलाधिकारी राहुल आनंद के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण एवं नगर पालिका की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि अवैध खनन के कारण मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।

उप-जिलाधिकारी राहुल आनंद ने कहा कि मार्ग के क्षतिग्रस्त होने का मुख्य कारण भू-स्वामी और संबंधित लोगों द्वारा अत्यधिक खुदाई है। उन्होंने निर्देश दिए कि भू-स्वामी और खनन में शामिल लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए।

इस मामले में राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता ने कोतवाली मसूरी में श्रीमती अनीता थलवाल, श्रीमती सुनीता धनाई और श्री सतीश गोयल के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और जान-माल के साथ खिलवाड़ करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया है।

उप-जिलाधिकारी ने बताया कि मार्ग के तलहटी हिस्से में किए गए अत्यधिक अवैध खनन के कारण यह गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण को मानचित्र निरस्त करने और राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को मुकदमा दर्ज करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

अवैध खनन के कारण प्रभावित क्षेत्र में सुबह से शाम तक लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे न केवल स्थानीय लोग प्रभावित हैं बल्कि पर्यटक भी मार्ग में फंसने और समय गंवाने को मजबूर हैं।

अधिकारियों ने कहा कि आगामी दिनों में मार्ग की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य के लिए तुरंत कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार का अवैध खनन अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।