नैनीताल में सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरूकता रैली, 180 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा

नैनीताल में सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरूकता रैली, 180 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा

स्थान : नैनीताल

ब्यूरो रिपोर्ट

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश में 16 जनवरी से सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने सभी थाना और यातायात प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात नियमों के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में नैनीताल पुलिस लगातार स्थानीय जनता और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रही है। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में कोतवाली भवाली और यातायात पुलिस टीम ने डेविटो हायर सेकेंड्री स्कूल, भवाली के छात्र-छात्राओं के साथ पैदल मार्च रैली निकाली। रैली नगर पालिका ग्राउंड भवाली से मुख्य बाजार होते हुए चौराहा भवाली तक आयोजित की गई।

रैली के दौरान “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” थीम के तहत आमजन और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया। छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और नियमों का पालन करने की अपील की।

यातायात पुलिस ने कार्यक्रम के दौरान नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने, परिजनों को नियमों के प्रति जागरूक करने तथा गुड सेमेरिटन (Good Samaritan) योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायलों की तत्काल सहायता करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।

प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा और यातायात पुलिस टीम ने उपस्थित टैक्सी और बस चालकों को भी नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित ड्राइविंग का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम में लगभग 180 छात्र-छात्राएं, गुरुजन और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।