जौनपुर ब्लॉक में पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

जौनपुर ब्लॉक में पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

स्थान : धनोल्टी

ब्यूरो रिपोर्ट

जौनपुर ब्लॉक सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत खाद्य, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य और आजीविका के क्षेत्र में सशक्त बनाना और समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम संगठनों से जुड़ी महिलाओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूह की सदस्यों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान पोषण सुरक्षा, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा स्वच्छता से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से जानकारी दी गई।

आंगनवाड़ी सुपरवाइजर सोनी रावत जुवाल ने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक से चयनित सुपरवाइजर और IPRP (इंटरनल कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन) को मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार किया गया है। ये मास्टर ट्रेनर समुदाय स्तर पर नेतृत्व करते हुए महिलाओं को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेंगी तथा योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएंगी।

उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं के पोषण सुधार के लिए आयरन लड्डू और आंवला कैंडी वितरण परियोजना भी संचालित की जा रही है। इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि लाभार्थियों तक सही तरीके से पोषण सामग्री पहुंचाई जा सके।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में किशोरियों में एनीमिया प्रबंधन, बच्चों में कुपोषण की रोकथाम, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता, गर्भवती महिलाओं का संतुलित आहार, ‘स्वर्णिम 1000 दिवस’ की अवधारणा और आहार विविधता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को जन-जन तक पहुंचाएंगी और समुदाय को स्वस्थ एवं स्वावलंबी बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।