एनएच-74 पर प्रशासन की सख्ती, 9 वाहन सीज, 26 के चालान

एनएच-74 पर प्रशासन की सख्ती, 9 वाहन सीज, 26 के चालान

स्थान : बाजपुर उधमसिंह नगर

ब्यूरो रिपोर्ट

राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर बेलगाम दौड़ रहे ओवरलोड वाहनों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा के नेतृत्व में परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक चेकिंग अभियान चलाकर वाहन चालकों में हड़कंप मचा दिया।

शनिवार को भारी पुलिस बल और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा एनएच-74 पर पहुंचीं। इस दौरान टीम ने आने-जाने वाले भारी और संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की। अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, बिना नंबर प्लेट और वैध दस्तावेजों के अभाव जैसे मामलों पर विशेष नजर रखी गई।

एसडीएम ने बताया कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के संचालन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कई वाहन बिना नंबर प्लेट के भी सड़कों पर दौड़ रहे थे, जो सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं और दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं।

प्रशासन की इस अचानक कार्रवाई से वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। जांच के दौरान जिन वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक माल लदा मिला या आवश्यक कागजात नहीं पाए गए, उन पर तत्काल कार्रवाई की गई।

संयुक्त टीम ने कुल 9 वाहनों को सीज कर पुलिस चौकी और थाने में खड़ा कराया, जबकि 26 वाहनों के चालान काटे गए। साथ ही संबंधित वाहन चालकों को भविष्य में नियमों का पालन करने की कड़ी चेतावनी दी गई।

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था सुरक्षित और सुचारू बनी रहे।