
स्थान : लालकुआँ

रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

लालकुआँ कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा और भीषण सड़क हादसा सामने आया। हल्द्वानी से लालकुआँ की ओर जा रहे राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक चालक शराब के नशे में धुत होकर ट्रक दौड़ाता रहा और रास्ते में कई वाहनों को टक्कर मार दी। घटना का खौफनाक मंजर देखकर राहगीर दहशत में आ गए।


जानकारी के अनुसार, नशे में धुत ट्रक चालक ने सबसे पहले गुमटी के निकट पूर्व छात्र संघ सचिव सावन सिंह पथनी की बुलेट को टक्कर मारी। इसके बाद भी चालक ट्रक लेकर भागता रहा और वन विभाग के बैरियर के पास एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक ने कुछ दूरी पर एक कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद अनियंत्रित ट्रक ने अवंतिका देवी मंदिर के निकट ओवरब्रिज पर और भी गंभीर हादसा कर दिया।

बताया जा रहा है कि कैंची धाम से बाबा नीम करौली बाबा के दर्शन कर परिवार सहित सूरजपुर, नोएडा (उत्तर प्रदेश) लौट रहे मनोज सिंह की स्कॉर्पियो और एक पंच कार को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।


गनीमत रही कि हादसे के दौरान कोई वाहन ओवरब्रिज से नीचे नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। इस पूरी घटना में कुल पांच वाहन क्षतिग्रस्त हुए, हालांकि सभी वाहन सवारों को केवल मामूली चोटें आईं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

