पिरान कलियर में डॉ. इंद्रेश कुमार के नाम की चादरपोशी, देश में अमन-चैन की दुआ

पिरान कलियर में डॉ. इंद्रेश कुमार के नाम की चादरपोशी, देश में अमन-चैन की दुआ

स्थान : रूडकी

ब्यूरो रिपोर्ट

रुड़की के पिरान कलियर स्थित विश्व प्रसिद्ध दरगाह दरगाह साबिर पाक में पसमांदा समाज के राष्ट्रीय संयोजक मोहम्मद शमशाद मीर ने आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी डॉ. इंद्रेश कुमार के नाम की चादर पोशी की। इस दौरान देश में अमन, शांति और भाईचारे के लिए विशेष दुआ मांगी गई।

कार्यक्रम के दौरान मोहम्मद शमशाद मीर ने कहा कि 18 फरवरी को डॉ. इंद्रेश कुमार का जन्मदिन है। इसी उपलक्ष्य में उन्होंने उनके नाम की चादर दरगाह में चढ़ाकर देश की खुशहाली और आपसी सौहार्द की कामना की है।

उन्होंने कहा कि दरगाह साबिर पाक हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे का प्रतीक रही है। यहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग माथा टेकने आते हैं और शांति की दुआ मांगते हैं।

राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि देश में साम्प्रदायिक सौहार्द और राष्ट्र प्रेम की भावना को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को मिलजुलकर देश की तरक्की और एकता के लिए काम करना चाहिए।

इस अवसर पर उन्होंने डॉ. इंद्रेश कुमार की लंबी आयु और स्वस्थ जीवन की भी कामना की। उन्होंने कहा कि उनके सामाजिक और राष्ट्रीय योगदान को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है।

चादरपोशी के दौरान दरगाह परिसर में मौजूद लोगों ने भी देश में शांति और सद्भाव के लिए दुआ की। कार्यक्रम में पसमांदा समाज के कई पदाधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और उपस्थित लोगों ने आपसी भाईचारे तथा देश की एकता को मजबूत करने का संदेश दिया।