
स्थान : चमोली

ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए औली में विश्व प्रसिद्ध Auli Winter Carnival 2026 का शुक्रवार को भव्य उद्घाटन हुआ। समारोह का शुभारंभ प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया।


इस अवसर पर मंत्री महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण उत्तराखंड अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शीतकालीन पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने औली के प्राकृतिक सौंदर्य, देवदार और ओक के जंगलों तथा नंदा देवी, कामेट और माना जैसे हिमालयी शिखरों की भव्यता की ओर ध्यान आकर्षित किया।

मंत्री ने बताया कि 13 से 16 फरवरी 2026 तक आयोजित इस Winter Carnival में स्कीइंग, साहसिक खेल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर देगा, होमस्टे और स्थानीय व्यवसायों को बढ़ावा देगा तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएगा।


मुख्य घोषणाएँ और कार्यक्रम:

- औली में यह Winter Carnival अब हर साल आयोजित किया जाएगा।
- अप्रैल 2026 में भारतीय सेना के साथ सूर्य देवभूमि चैलेंज का आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें हेलंग से उर्गम रूद्रनाथ होते हुए उखीमठ तक 91 किमी ट्रेल होगी।
- 31 मई को नीति घाटी में नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन आयोजित होगा, जिसमें 75 किमी अल्ट्रामैराथन और 42 किमी मैराथन शामिल है, जिसमें विदेशी प्रतिभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
- जून 2026 में भारतीय सेना के साथ देवभूमि क्लचरल फेस्टिवल का दूसरा संस्करण बद्रीनाथ और माणा में आयोजित होगा।
- 80 के दशक में आयोजित प्रसिद्ध हिमालयन कार रैली का पुनः आयोजन वर्ष 2026 में प्रस्तावित है।
- पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के प्रचार हेतु ऐरो फेस्टिवल को अब हर साल कैलेंडर इवेंट के रूप में आयोजित किया जाएगा।
- पर्वतमाला परियोजना के अंतर्गत केदारनाथ और हेमकुण्ड रोपवे का निर्माण कार्य इस वर्ष से शुरू होगा, जबकि औली रोपवे की शीघ्र मरम्मत भी की जाएगी।
Winter Carnival के दौरान स्कीइंग प्रतियोगिताओं, साहसिक खेलों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी, ज्योतिर्मठ पौराणिक लाटा, लोक सांस्कृतिक दल का नन्दा देवी डोली मंचन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।


इस अवसर पर पर्यटन सचिव धीरज गर्ब्याल, विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल, नगर पालिका अध्यक्ष जोशीमठ देवेश्वरी, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार, एमडी जीएमवीएन विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पवार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड सरकार शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है और Auli Winter Carnival 2026 उत्तराखंड को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगा।

