
स्थान : भीमताल

ब्यूरो रिपोर्ट

भीमताल विधानसभा क्षेत्र में बाघ और गुलदार के बढ़ते आतंक तथा किसानों को आलू बीमा राशि न मिलने के मुद्दे पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने विकास भवन भीमताल में वन विभाग, उद्यान विभाग और एसबीआई बीमा कंपनी के उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र की गंभीर समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई और संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


विधायक कैड़ा ने वन विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में अब तक चार महिलाओं को बाघ/गुलदार अपना शिकार बना चुका है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद अब तक किसी भी बाघ या गुलदार को आधिकारिक रूप से आदमखोर घोषित नहीं किया गया है। साथ ही पकड़े गए गुलदारों की डीएनए रिपोर्ट भी अब तक सामने नहीं आई है, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


उन्होंने वन विभाग को निर्देश दिए कि आदमखोर वन्यजीव की शीघ्र पहचान कर उसे पकड़ने की कार्रवाई तेज की जाए। पकड़े गए गुलदारों की डीएनए रिपोर्ट जल्द मंगाई जाए ताकि स्पष्ट हो सके कि हमलों के पीछे कौन सा जानवर जिम्मेदार है। इसके अलावा जंगल से सटे गांवों में सौर ऊर्जा लाइटें लगाने, पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था करने तथा गांव-गांव में गश्त बढ़ाने जैसे प्रभावी कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि ग्रामीणों को बाघ और गुलदार के आतंक से राहत मिल सके।

बैठक में वन निगम से जुड़ा एक और महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया गया। विधायक कैड़ा ने बताया कि धारी, रामगढ़, ओखलकांडा और भीमताल क्षेत्र के घाटों में अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इस कारण कई बार लोगों को मजबूरन जंगलों से कच्ची लकड़ी काटनी पड़ती है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन ब्लॉकों में अलग-अलग स्थानों पर रानीबाग की तर्ज पर लकड़ी के स्टॉल स्थापित किए जाएं, ताकि अंतिम संस्कार के लिए विधिवत और पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।


विधायक ने कहा कि ऐसी व्यवस्था से एक ओर जहां पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, वहीं अवैध कटान पर भी रोक लगेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक और सामाजिक आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है।

बैठक में किसानों की समस्याएं भी प्रमुखता से उठाई गईं। विधायक कैड़ा ने उद्यान विभाग और SBI General Insurance के अधिकारियों को घेरते हुए कहा कि भीमताल, धारी, रामगढ़ और ओखलकांडा के किसानों को अब तक आलू फसल बीमा की पूरी राशि नहीं मिली है। जिन किसानों को बीमा राशि दी भी गई है, उन्हें जमा की गई प्रीमियम राशि से भी कम भुगतान किया गया है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि यदि किसी किसान ने पांच हजार रुपये की प्रीमियम राशि जमा की है, तो उसे मात्र ग्यारह सौ रुपये का भुगतान किया गया है। इसे किसानों के साथ मजाक बताते हुए विधायक ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यहां के अधिकांश किसान खेती पर निर्भर हैं और फसल खराब होने की स्थिति में बीमा ही उनकी उम्मीद होता है। यदि बीमा कंपनी समय पर और उचित भुगतान नहीं करेगी, तो किसान आर्थिक संकट में फंस जाएंगे।
विधायक कैड़ा ने एसबीआई बीमा कंपनी और उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र किसानों को शीघ्र और उचित बीमा राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बीमा दावों की पारदर्शी समीक्षा कर लंबित मामलों का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए।

बैठक में मंडल अध्यक्ष भीमताल कमल जोशी, मंडल अध्यक्ष रामगढ़ अंकित पांडेय, मंडल अध्यक्ष धारी कृष्ण चंद्र, जिला पंचायत सदस्य ज्योति आर्या, जिला मंत्री मनोज भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा वन विभाग के डीएफओ नैनीताल, डीएलएम नैनीताल, एसडीओ वन विभाग, एसबीआई बीमा कंपनी और उद्यान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
विधायक ने अंत में कहा कि क्षेत्र की जनता की सुरक्षा और किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। संबंधित विभागों को तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

