रुद्रपुर में मुख्यमंत्री धामी देंगे 100 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात

रुद्रपुर में मुख्यमंत्री धामी देंगे 100 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात

स्थान : रूद्रपुर

रिपोर्टर : राजू सहगल

जिला मुख्यालय रुद्रपुर में 14 फरवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शहरवासियों को 100 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इस अवसर पर वे साढ़े तीन टन वजन के एफआरपी मैटेरियल से निर्मित भव्य त्रिशूल एवं त्रिशूल चौक का लोकार्पण भी करेंगे। करीब 17 लाख रुपये की लागत से त्रिशूल चौक का सौंदर्यीकरण किया गया है, जो शहर की नई पहचान बनेगा।

नगर निगम के सफल एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गांधी पार्क में 14 से 23 फरवरी तक यूएस नगर कार्निवल एवं सरस मेला आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को ऐतिहासिक एवं जनसरोकारों से जुड़ा बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी 14 फरवरी को दोपहर 2:30 बजे सर्वप्रथम त्रिशूल चौक पहुंचकर भव्य त्रिशूल का लोकार्पण करेंगे। उन्होंने कहा कि यह त्रिशूल आस्था का प्रतीक होने के साथ-साथ शहर की सांस्कृतिक पहचान का नया केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री द्वारा हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों का स्वागत एवं सम्मान भी किया जाएगा, जिससे धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का संदेश जाएगा। इसके उपरांत मुख्यमंत्री के सानिध्य में त्रिशूल चौक से विशाल शिव बारात निकाली जाएगी, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी। नगर के अनेक स्थानों पर सांस्कृतिक दलों एवं समाज के प्रतिनिधियों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों से मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा। पूरा नगर भक्ति, उत्साह और उल्लास के रंग में सराबोर दिखाई देगा।

महापौर ने बताया कि मुख्यमंत्री गांधी पार्क में कार्निवल एवं सरस मेले का विधिवत शुभारम्भ करने के साथ ही 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक श्रृंखला

15 से 23 फरवरी तक प्रतिदिन गांधी पार्क में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। दिन में स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं नगर के कलाकार प्रस्तुतियां देंगे, जबकि सायंकाल देश-प्रदेश से आए ख्यातिप्राप्त कलाकार दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में—

  • 15 फरवरी: संकल्प खेतवाल एवं हरीश भट्ट की प्रस्तुति
  • 16 फरवरी: सैंड आर्ट के साथ जस्सी गिल एवं बलवल राय
  • 17 फरवरी: इमान चक्रवर्ती की सुरमयी प्रस्तुति व एनसी सरकार का मैजिक शो
  • 18 फरवरी: हिमनात एवं बंटी राणा
  • 19 फरवरी: रूपेश मिश्रा एवं श्वेता मेहरा
  • 20 फरवरी: गोविंद दिगारी, खुशी दिगारी एवं फौजी ललित मोहन जोशी
  • 21 फरवरी: साधो बैंड की प्रस्तुति तथा श्री राम कला केन्द्र द्वारा रामलीला मंचन
  • 22 फरवरी: पवनदीप राजन एवं जितेन्द्र तोमग्याल
  • 23 फरवरी: पाण्डवा बैंड की प्रस्तुति के साथ भव्य समापन

नगर प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शहरवासियों में इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।