
स्थान : रूद्रपुर

रिपोर्टर : राजू सहगल

जनपद मुख्यालय रुद्रपुर स्थित गांधी पार्क में 14 से 23 फरवरी तक ‘उधम सिंह कार्निवाल सरस आजीविका मेला–2026’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। मेले का शुभारम्भ प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा 14 फरवरी को अपराह्न 4 बजे किया जाएगा।


मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने विधायक शिव अरोरा एवं संबंधित अधिकारियों के साथ मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सांसद अजय भट्ट, महापौर विकास शर्मा तथा क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा मेले का उद्घाटन करने के पश्चात विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया जाएगा। इसके उपरांत शाम 5:30 बजे सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा।


कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हिमनांद बैंड की प्रस्तुति एवं अमर नाथ सेवा मंडल द्वारा शिव जागरण की भक्तिमय प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि मेले में स्थानीय स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों एवं उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी आजीविका को बढ़ावा मिलेगा।
निरीक्षण के समय विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा मेले को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

