उत्तराखंड में सियासी पारा हाई, कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हल्ला बोल

उत्तराखंड में सियासी पारा हाई, कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हल्ला बोल

लोकेशन – मंगलौर
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ हल्ला बोल का ऐलान करते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था और बेरोजगारी को बड़ा मुद्दा बनाया है।

मंगलौर विधायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन ने अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार कानून-व्यवस्था बिगड़ती जा रही है और दिनदहाड़े गंगवार जैसी घटनाएं हो रही हैं, जो सरकार की नाकामी को दर्शाती हैं।

काजी निजामुद्दीन ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह कमजोर हो चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास वही अधिकारी हैं, लेकिन उनसे काम लेने की क्षमता समाप्त हो चुकी है।

कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर “गुंडाराज” का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखंड में आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। बढ़ती आपराधिक घटनाएं और कानून-व्यवस्था की गिरती स्थिति गंभीर चिंता का विषय है।

बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस ने सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार के अभाव में सड़कों पर उतरने को मजबूर है। काजी निजामुद्दीन ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

उन्होंने सीबीआई जांच पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि जांच प्रक्रिया में बड़े स्तर पर झोल नजर आ रहा है, जिससे जनता का भरोसा डगमगाने लगा है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा के “पाप का घड़ा” भर चुका है और आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने संकेत दिए कि पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन को तेज करेगी।

इस प्रेस वार्ता के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी और तेज हो सकती है।