
रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत

नगर के प्राचीन पंचेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा।


महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष रूप से हरिद्वार से गंगा जल लाया गया, जिसे श्रद्धालु शिवलिंग पर अर्पित कर रहे हैं। भक्त जल, दूध और बेलपत्र चढ़ाकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

मंदिर में विभिन्न प्रदेशों से आई सांस्कृतिक टीमों द्वारा भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। इन कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और आयोजन को और भी भव्य बना दिया।


मंदिर के पुजारियों द्वारा विधि-विधान से पूजा-पाठ कराया जा रहा है। सुबह से ही जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए लंबी कतारें लगी हुई हैं।

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई है। भक्त शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


मंदिर समिति के सचिव अतुल अग्रवाल, अगस्त लाल साह, जगदीश अग्रवाल, दीपक जोशी (शूटर), प्रदीप गुप्ता, प्रबंधक रमेश अधिकारी, विजय शर्मा, दीपक खंडेलवाल, भुवन तिवारी, पुजारी हेम पंत, जीवन तिवारी सहित अन्य सदस्य आयोजन को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं।
महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर पंचेश्वर महादेव मंदिर पूरी तरह भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा हुआ दिखाई दे रहा है।

