दीपोत्सव के लिए फूलों से सजने लगा बदरीनाथ धाम, धनतेरस से दीपावली तक होंगे विशेष धार्मिक अनुष्ठान

दीपोत्सव के लिए फूलों से सजने लगा बदरीनाथ धाम, धनतेरस से दीपावली तक होंगे विशेष धार्मिक अनुष्ठान

स्थान : बद्रीनाथ
ब्यूरो रिपोर्ट

दीपोत्सव के पावन पर्व को लेकर भू-बैकुंठ नगरी बदरीनाथ धाम में तैयारियां शुरू हो गई हैं। धनतेरस से लेकर दीपावली तक आयोजित होने वाले धार्मिक उत्सवों के लिए भगवान बदरी विशाल के मंदिर को आकर्षक फूलों से सजाया जा रहा है। मंदिर के सिंहद्वार से लेकर पूरे परिसर तक गेंदा, चंपा और चमेली के पुष्पों से भव्य शृंगार किया जा रहा है। फूलों की सजावट से मंदिर की सुंदरता और अधिक निखर उठी है।

धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र श्री बदरीनाथ धाम में दीपावली पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर परिसर में पुष्प सजावट का कार्य किया जा रहा है। रंग-बिरंगे फूलों से सजे मंदिर की मनमोहक छटा श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु मंदिर के भव्य स्वरूप को निहारकर आनंदित हो रहे हैं।

धनतेरस पर्व के अवसर पर भगवान बदरी विशाल के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इस दौरान बद्रीश पंचायत के देवताओं के साथ भगवान हरि नारायण के खजांची कुबेर जी और माता लक्ष्मी की विशेष आराधना होगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार धनतेरस पर माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है।

बदरीनाथ धाम में धनतेरस से दीपावली तक विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भगवान बदरी विशाल की पूजा-अर्चना के साथ मंदिर परिसर में दीपोत्सव का उल्लास देखने को मिलेगा। श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल से सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे।

इस वर्ष बदरीनाथ मंदिर की पुष्प सजावट के पीछे एक भावनात्मक पहल भी जुड़ी हुई है। ऋषिकेश स्थित रामविश्वास बद्रीनारायण फ्लावर शॉप की ओर से मंदिर को फूलों से सजाया जा रहा है। यह पुष्प शृंगार परिवार के दिवंगत सदस्य बद्रीनारायण की पावन स्मृति में कराया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य बद्रीनारायण का निधन हो चुका है। उनकी स्मृतियों को संजोए रखने और भगवान बदरी विशाल के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करने के उद्देश्य से परिजनों ने मंदिर का भव्य पुष्प शृंगार कराने का निर्णय लिया। परिवार की इस धार्मिक पहल से मंदिर परिसर की सुंदरता में चार चांद लग गए हैं।

मंदिर के मुख्य सिंहद्वार से लेकर अंदरूनी परिसर तक विभिन्न प्रकार के फूलों की आकर्षक सजावट की जा रही है। पीले और नारंगी गेंदे के फूलों के साथ चंपा और चमेली की खुशबू से मंदिर परिसर महक रहा है। हिमालय की गोद में स्थित भगवान बदरी विशाल का मंदिर पुष्प शृंगार के बाद और भी मनमोहक दिखाई दे रहा है।

वहीं, बदरीनाथ धाम पहुंच रहे श्रद्धालु मंदिर की सुंदरता को अपने कैमरों और मोबाइल फोन में कैद कर रहे हैं। फूलों से सजे मंदिर का आकर्षक स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। भक्त भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं और दीपोत्सव के अवसर पर धाम में बने भक्तिमय वातावरण का आनंद उठा रहे हैं।

भगवान बदरी विशाल की नगरी में दीपोत्सव का पर्व धार्मिक आस्था, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने की तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर की भव्य पुष्प सजावट और विशेष पूजा-अर्चना से पूरे धाम में आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है। धनतेरस से दीपावली तक होने वाले धार्मिक आयोजनों के बीच भू-बैकुंठ नगरी बदरीनाथ एक बार फिर आस्था और भक्ति के रंग में रंगी नजर आ रही है।