शिवरात्रि पर खटीमा पहुंचे मुख्यमंत्री, बनखंडी महादेव मंदिर में की पूजा

शिवरात्रि पर खटीमा पहुंचे मुख्यमंत्री, बनखंडी महादेव मंदिर में की पूजा

स्थान – खटीमा/उधम सिंह नगर
रिपोर्ट – अशोक सरकार

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचकर वन क्षेत्र स्थित बनखंडी महादेव मंदिर में भगवान आशुतोष के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने मंदिर में जलाभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और “हर-हर महादेव” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने सभी शिव भक्तों और प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक है।

पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री खटीमा सिविल कोर्ट परिसर पहुंचे, जहां अधिवक्ताओं के लिए नवनिर्मित चैंबर्स के उद्घाटन समारोह में प्रतिभाग किया।

मुख्यमंत्री ने अधिवक्ता चैंबर्स का विधिवत लोकार्पण कर शुभारंभ किया और उपस्थित अधिवक्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज में न्याय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अधिवक्ता आम आदमी के जीवन में न्याय की उम्मीद जगाते हैं और न्यायिक प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

महाशिवरात्रि के इस अवसर पर मुख्यमंत्री का यह दौरा धार्मिक आस्था और विकास कार्यों के समन्वय का प्रतीक माना जा रहा है।