भीम आर्मी/आजाद समाज पार्टी में दर्जनों लोगों ने ली सदस्यता

भीम आर्मी/आजाद समाज पार्टी में दर्जनों लोगों ने ली सदस्यता

स्थान : भगवानपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी में आज दर्जनों लोगों ने सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी में नए सदस्यों को पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया गया तथा फूल मालाओं से उनका स्वागत और सम्मान किया गया।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए महक सिंह, प्रदेश अध्यक्ष, आजाद समाज पार्टी ने कहा कि प्रदेश में मुस्लिम समाज के लोगों को कथित तौर पर कुछ संगठनों द्वारा टार्गेट कर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले का संज्ञान मुख्यमंत्री को लेना चाहिए।

महक सिंह ने कहा कि कोटद्वार के मुहम्मद दीपक से मुलाकात के बाद उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से धमकियां मिलीं, लेकिन वे ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।

इस दौरान भीम आर्मी में शामिल हुए शिक्षाविद डॉ. जिशान अली ने कहा कि पूर्व में जिन दलों से वे जुड़े थे, उनकी नीतियां समाज में भाईचारे को कमजोर करने वाली थीं। उन्होंने कहा कि अब उन्हें ऐसे संगठन में सदस्यता मिली है, जो समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करने का कार्य कर रहा है।

भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष अमरीश कपिल ने कहा कि पार्टी के साथ लगातार लोगों का कारवां जुड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी वंचित और शोषित वर्ग की आवाज बनकर काम कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन की नीतियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की। नए सदस्यों ने पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि आने वाले समय में संगठन को और मजबूत किया जाएगा और प्रदेश स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।