महाशिवरात्रि पर भव्य कलश यात्रा के साथ देवाल कौथिग का शुभारंभ

महाशिवरात्रि पर भव्य कलश यात्रा के साथ देवाल कौथिग का शुभारंभ

स्थान : थराली
ब्यूरो रिपोर्ट

महाशिवरात्रि के पावन पर्व से शुरू होने वाले तीन दिवसीय देवाल कौथिग का भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिला मंगल दलों की महिलाएं और स्कूली छात्राएं शामिल हुईं, जिन्होंने कार्यक्रम की भव्यता बढ़ा दी।

कार्यक्रम का दीप प्रज्वलन नगरपालिका कर्णप्रयाग के अध्यक्ष गणेश शाह और राज्यमंत्री बलवीर घुनियाल ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत और ज्येष्ठ प्रमुख दीपक सिंह भी उपस्थित रहे।

मेला कमेटी के अध्यक्ष लाखन रावत ने मुख्य अतिथियों का अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि देवाल कौथिग क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और लोकपरंपराओं को जीवित रखने का महत्वपूर्ण मंच है।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक कला मंचों के कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां देखने को मिलीं, जबकि नन्हे-मुन्ने स्कूली बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण बढ़ाया।

महिला मंगल दलों ने पारंपरिक वेषभूषा में लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन प्रस्तुतियों ने कौथिग को दर्शकों के लिए यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में उत्सव और भक्तिमय वातावरण बना रहा।

आगामी दो दिनों में भी देवाल कौथिग में विभिन्न सांस्कृतिक और पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर को और मजबूती मिलेगी।