
स्थान – खटीमा/उधम सिंह नगर
रिपोर्ट – अशोक सरकार
उधम सिंह नगर के खटीमा में बुधवार 4 फरवरी को संपन्न हुए उद्योग व्यापार मंडल चुनाव की देर शाम मतगणना के दौरान काउंटिंग गड़बड़ी को लेकर प्रत्याशियों के बीच भारी हंगामा हुआ। मतगणना स्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति इतनी बढ़ गई कि मौके पर प्रशासन को भी हालात संभालने में जुटना पड़ा।


इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने प्रेस वार्ता में बताया कि भाजपा अपने प्रत्याशी को हारता देख बौखला गई और उसके कुछ नेताओं व समर्थकों ने मतगणना स्थल पर हंगामा खड़ा कर दिया।

वहीं, व्यापार मंडल अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी रवीश भटनागर ने मीडिया से कहा कि खटीमा की सीमा के बाहर से भी लोग आकर फर्जी वोटिंग कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी गड़बड़ी आज तक खटीमा में नहीं हुई। भटनागर ने मांग की कि लगभग 800 फर्जी वोटों की जांच कर पुनः मतदान कराया जाए।

अध्यक्ष पद के अन्य प्रत्याशी तारादत्त कांडपाल ने कहा कि मतगणना में खोखा, ठेला और फड़ व्यापारी शामिल किए गए, जो पंजीकृत नहीं थे। इस पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए गहरा रोष व्यक्त किया।


स्थानीय व्यापारियों और मतदाताओं ने भी फर्जी वोटिंग और पंजीकरण की अनियमितताओं को लेकर चिंता जताई। इससे चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

वर्तमान में मतगणना स्थगित कर दी गई है और प्रशासन शेष मतों की सुरक्षित काउंटिंग के लिए इंतजाम कर रहा है। खटीमा प्रशासन ने तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मतगणना स्थल एवं आसपास के इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं।

इस पूरे प्रकरण के कारण क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज है, और कांग्रेस व भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है।

