
स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट
नैनीताल पुलिस ने निवेश के नाम पर भोली-भाली जनता को अधिक ब्याज का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने दो मुख्य अभियुक्तों—हेमचन्द्र पंत और विकास दुर्गापाल—को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।


एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने हल्द्वानी में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि अभियुक्तों ने वर्ष 2017 में “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नामक संस्था स्थापित की थी। उन्होंने उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देकर अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल सहित कई जिलों के हजारों लोगों से निवेश लिया और लाखों की ठगी की।

एसएसपी ने बताया कि हेमचन्द्र पंत और विकास दुर्गापाल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर निवेशकों की मेहनत की कमाई हड़प ली और फरार हो गए। एक वर्ष से लंबित इस मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। कोतवाली रामनगर में दर्ज एफआईआर संख्या 246/23 (धारा 409 IPC) के तहत पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ तक दबिश दी, जिसके बाद दोनों मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

जांच में खुलासा हुआ कि अभियुक्तों के खातों में ₹2 करोड़ 26 लाख और ₹4 करोड़ 58 लाख के संदिग्ध लेन-देन किए गए थे। दोनों शाखाएं बंद पाई गईं और न्यायालय से वारंट तथा कुर्की आदेश भी प्राप्त किए गए। एसएसपी ने बताया कि अभियुक्तों के खिलाफ अन्य थानों में भी धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं और गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की संभावना है।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार हुई:

- हेमचन्द्र पंत (45 वर्ष), निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी।
- विकास दुर्गापाल, निवासी देहरिया, कोतवाली हल्द्वानी।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आमजन से अपील की कि अधिक लाभ के लालच में न आएं। किसी भी संस्था या निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसके पंजीकरण, वैधता और प्रामाणिकता की स्वयं जांच करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

इस बड़ी सफलता पर एसएसपी नैनीताल ने गिरफ्तारी टीम को ₹2,500 का नकद इनाम देने की घोषणा की है।

