
स्थान – हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट
डीएम मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें आमजन ने भूमि विवाद, अतिक्रमण, पेयजल, बिजली और राशन वितरण से जुड़ी समस्याएं उठाईं।


इस दौरान दर्ज कुल 44 शिकायतों में से 24 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के निपटान के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

डीएम ने कहा कि तहसील दिवस में दर्ज सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उनका कहना था कि जनता की समस्याओं का तुरंत समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

इस अवसर पर एसडीएम हरिद्वार जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सचिन कुमार, जल संस्थान, ऊर्जा निगम, पेयजल एजेंसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। उन्होंने मौके पर ही कई मामलों का निरीक्षण कर समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।


प्रमुख शिकायतों में डबल सिंह (ग्राम लालढांग) ने सरकारी चकरोड़ खुलवाने की गुहार लगाई। अजय नौटियाल ने अपनी भूमि की पैमाइश कराने की मांग रखी, जबकि प्रमोद शर्मा ने चकबंदी विभाग से छोड़ी गई चकरोड पर अवैध कब्जे के मुद्दे को उठाया।

शाहिद पुत्र कुर्बान (जमालपुर कलां) ने बिजली कनेक्शन के लिए मकान का सत्यापन कराने का अनुरोध किया। इन मामलों का मौके पर निरीक्षण कर संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


तहसील दिवस के दौरान प्रशासन ने जनता से संवाद के साथ-साथ समस्याओं के त्वरित निपटान पर जोर दिया। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि शेष मामलों का समाधान शीघ्र किया जाएगा और जनता को पूरी जानकारी प्रदान की जाएगी।

