सितारगंज में बिगड़ते माहौल के विरोध में भीम आर्मी का प्रदर्शन

सितारगंज में बिगड़ते माहौल के विरोध में भीम आर्मी का प्रदर्शन

स्थान – सितारगंज
रिपोर्ट – तनवीर अंसारी

भीम आर्मी आज़ाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने बुधवार को तहसील परिसर पहुंचकर क्षेत्र में शांति भंग करने वालों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रविंद्र जुवाठा को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि सितारगंज क्षेत्र में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सहित विभिन्न धर्मों के लोग लंबे समय से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ रहते आ रहे हैं। सभी लोग शांतिपूर्ण ढंग से अपना रोजमर्रा का जीवन यापन कर रहे हैं, लेकिन हाल के दिनों में कुछ तथाकथित संगठनों की गतिविधियों से क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।

भीम आर्मी का आरोप है कि कुछ संगठन विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय को निशाना बना रहे हैं। दुकानों को जबरन खाली कराने, दुकानों के नाम बदलवाने और धर्म पूछकर लोगों को प्रताड़ित करने जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।

ज्ञापन में शक्तिफार्म क्षेत्र की एक घटना का उल्लेख करते हुए बताया गया कि फेरी के दौरान एक लगभग 60 वर्षीय बुजुर्ग से धर्म की पहचान पूछकर, सोशल मीडिया पर आधार कार्ड के नाम पर उसे प्रताड़ित किया गया। इस घटना के बाद से बुजुर्ग भयभीत और सहमे हुए हैं, जिससे आम लोगों में भी डर का माहौल बन गया है।

इसके अलावा आरोप लगाया गया कि शक्तिफार्म क्षेत्र में एक विशेष समुदाय के लोगों को टारगेट कर उनकी दुकानों को खाली कराने और दोबारा दुकान न खोलने के लिए डराया-धमकाया जा रहा है। भीम आर्मी का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचा रही हैं।

सत्येंद्र कुमार ने आशंका जताई कि कुछ चंद लोग जानबूझकर हिंदू और मुस्लिम समुदाय के बीच नफरत फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त और ठोस कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से यह भी अपील की कि सितारगंज और आसपास के क्षेत्रों में शांति, कानून व्यवस्था और आपसी भाईचारा बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि सभी समुदायों के लोग बिना डर के अमन और चैन के साथ मिल-जुलकर रह सकें।