


स्थान: टनकपुर (चंपावत)
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

कल देर रात करीब दो बजे टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग में बांटना गाड़ के पास मूसलाधार बारिश के चलते भारी मात्रा में मलबा आ गया, जिससे मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया। मार्ग बंद होने के कारण पूर्णागिरि धाम का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है और सैकड़ों तीर्थयात्री और वाहन रास्ते में फंस गए।



मौके पर पहुंचे प्रशासनिक दल और राहतकर्मी मलबे के ऊपर से यात्रियों को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रहे हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने जानकारी दी कि मलबे की मात्रा अत्यधिक है



और सड़क को खोलने के लिए जेसीबी और अन्य भारी मशीनों से कार्य जारी है।



यात्रा पर लगा ब्रेक
उन्होंने बताया कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो सड़क आज देर रात या कल तक खोली जा सकती है। फिलहाल पूर्णागिरि यात्रा पर अस्थायी विराम लग गया है, जिससे तीर्थयात्रियों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रात के समय हुई इस आपदा के कारण कई यात्री वाहन रास्ते में फंसे रहे। जिला प्रशासन की ओर से यात्रियों को भोजन, पानी और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने के भी प्रयास किए जा रहे हैं।


मुख्य बिंदु:

- बांटना गाड़ में भारी मलबा, पूर्णागिरि मार्ग पूरी तरह बंद
- सैकड़ों तीर्थयात्री और वाहन फंसे, रेस्क्यू जारी
- आज रात या कल तक मार्ग खुलने की उम्मीद
- प्रशासन ने यात्रियों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया शुरू की


