स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी


राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) सौला में जिला आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी अल्मोड़ा डॉ. मोहम्मद शाहिद के निर्देशन में “वेदना प्रबंधन” थीम पर वृहद आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।


शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान श्रीमती विमला, दीपक सौलियाल और चिकित्सा अधिकारियों ने संयुक्त रूप से भगवान धन्वंतरि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजन के दौरान आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से विभिन्न रोगों से पीड़ित लोगों को उपचार और परामर्श उपलब्ध कराया गया।



शिविर की शुरुआत योग सत्र से हुई। योग अनुदेशक विवेक भट्ट ने मरीजों को योगाभ्यास कराया। इस दौरान विशेष रूप से जोड़ और वेदना से संबंधित योगासनों पर ध्यान दिया गया और मरीजों को नियमित योग के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।


वृहद चिकित्सा शिविर के दौरान छह रोगियों का अग्निकर्म किया गया। वहीं 122 मरीजों के ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच की गई। डॉ. जितेंद्र पपनोई ने 34 रोगियों का ईसीजी परीक्षण किया, जिससे मरीजों को मौके पर ही आवश्यक स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिल सकी।

चिकित्सा शिविर में डॉ. मुकेश गुप्ता, डॉ. शोभा पपनोई और डॉ. शैलेंद्र डागर ने संयुक्त रूप से मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों ने संधि और जोड़ संबंधी रोगों के साथ ही डिस्क तथा न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर से पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।


शिविर में वात, अस्थि, संधि, न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर, स्पाइन और मांसपेशियों से संबंधित रोगों के 123 मरीजों सहित अन्य रोगों से पीड़ित 24 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कुल 147 मरीजों को निशुल्क औषधियां वितरित की गईं। इसके अलावा 35 मरीजों की रक्त जांच भी की गई।



शिविर में नेत्र रोगों से पीड़ित 42 मरीजों का भी परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 10 मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान की गई। चिन्हित मरीजों को आगे की चिकित्सा के लिए आवश्यक परामर्श दिया गया।

वेदना प्रबंधन शिविर के नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार गुप्ता ने शिविर के बेहतर प्रबंधन और मार्गदर्शन के लिए जिला आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी का आभार जताया। उन्होंने फार्मेसी अधिकारी नीलम, भूमा उपाध्याय, सुरेश, रजनी और आशा कार्यकर्ताओं नीमा, बसंती, मीना, प्रभा, गुड्डी सहित ग्राम प्रधान का भी सफल आयोजन में सहयोग के लिए धन्यवाद किया।

शिविर में पहुंचे मरीजों और ग्राम प्रधान ने आयुष विभाग की ओर से आयोजित स्वास्थ्य शिविर की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के शिविरों से लोगों को अपने घर के नजदीक विशेषज्ञ चिकित्सा और जांच की सुविधा मिलती है। ग्रामीणों ने आयुष विभाग से भविष्य में भी क्षेत्र में नियमित रूप से ऐसे वृहद चिकित्सा शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया।

