कर्णप्रयाग में लगी ‘पुलिस की पाठशाला’, छात्रों को साइबर अपराध और नशे से बचाव की दी जानकारी

कर्णप्रयाग में लगी ‘पुलिस की पाठशाला’, छात्रों को साइबर अपराध और नशे से बचाव की दी जानकारी

स्थान : कर्णप्रयाग
रिपोर्टर : विनोद पांडे

राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज कर्णप्रयाग में प्रतिष्ठित समाचार पत्र अमर उजाला के तत्वावधान में “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें वर्तमान समय की चुनौतियों के प्रति सजग रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस उपाधीक्षक ने साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों की जानकारी देते हुए बताया कि ठग फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और मैसेज के जरिए लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे मामलों से बचने के लिए डिजिटल दुनिया में सतर्कता बरतने की सलाह दी।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे अपना ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी और अन्य गोपनीय विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही से आर्थिक नुकसान के साथ व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग का खतरा भी हो सकता है।

कार्यक्रम के दौरान नशे के बढ़ते प्रभाव और इसके दुष्परिणामों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि नशा युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ ही उनके परिवार और सामाजिक जीवन पर भी गंभीर असर डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि युवा देश की आने वाली नई पीढ़ी हैं और राष्ट्र का भविष्य उनके कंधों पर है। कानून का सम्मान करना, डिजिटल दुनिया में सतर्क रहना और नशे से दूर रहना केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सुरक्षित और स्वस्थ समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

पाठशाला के दौरान छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा, कानून और नशा मुक्ति से जुड़े कई सवाल पूछे। पुलिस उपाधीक्षक ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का सरल और व्यवहारिक तरीके से जवाब दिया तथा उन्हें साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन पर पुलिस उपाधीक्षक, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने एक स्वर में नशा मुक्ति की शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे।

इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल, प्रभारी बाजार चौकी वीरपाल सिंह, प्रभारी लंगासू चौकी दिनेश पंवार और प्रभारी साइबर सेल सतेंद्र बुटोला सहित विद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया गया।