विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

रानीखेत में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने संगठन को सक्रिय करना शुरू कर दिया है। सोमवार को कांग्रेस कार्यालय रानीखेत में विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी दीप सिंह डांगी ने की। डांगी पूर्व उपाध्यक्ष उत्तराखंड को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन और पूर्व अध्यक्ष दुग्ध संघ अल्मोड़ा रह चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को देखते हुए पूरी एकजुटता और सक्रियता के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया।

दीप सिंह डांगी ने कहा कि चुनाव किसी एक व्यक्ति का अभियान नहीं, बल्कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता का सामूहिक अभियान होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने को कहा। साथ ही कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने तथा स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया।

बैठक में सीडब्ल्यूसी सदस्य और उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली से निराश है। उनके अनुसार भाजपा सरकार विभिन्न क्षेत्रों में विफल रही है और जनता से किए गए वादों को पूरा करने में नाकाम रही है।

करन माहरा ने महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, स्वास्थ्य और शिक्षा समेत मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और सरकार की कथित विफलताओं को तथ्यों के साथ लोगों के सामने रखें।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ की जिम्मेदारी लेते हुए मतदाताओं से सीधा संपर्क बढ़ाना होगा। माहरा ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और एकजुट होकर काम करने से संगठन को चुनाव में मजबूती मिलेगी।

बैठक में रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में बूथ स्तर पर लगातार कार्यक्रम आयोजित करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं को क्षेत्र की जनता के बीच पहुंचकर स्थानीय समस्याओं और मुद्दों को प्रमुखता से उठाना होगा। इसके साथ ही कांग्रेस की नीतियों और उपलब्धियों को भी जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

बैठक के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने की बात कही।

बैठक में पीसीसी सदस्य कैलाश पांडेय, नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट, अनुसूचित जाति जिलाध्यक्ष गुसाईं राम, चिलियानौला अध्यक्ष कमलेश बोरा, भतरोजखान अध्यक्ष कैलाश पंत, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज जोशी, युवा विधानसभा अध्यक्ष अंकिता पंत, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, अगस्त लाल साह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख गोपाल सिंह देव समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।