बनबसा में 2770 नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव गिरफ्तार

बनबसा में 2770 नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव गिरफ्तार

स्थान : बनबसा (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत चंपावत पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बनबसा में 2770 नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार को भी सीज कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसपी चंपावत रेखा यादव के नेतृत्व में जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पिछले दिनों चंपावत पुलिस और एसओजी की टीम कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसी क्रम में एसपी के निर्देश पर बनबसा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, नेपाल सीमा से लगे बनबसा में धनुष पुल के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान खटीमा की ओर से आ रही स्विफ्ट कार संख्या UK06 BD 5048 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार चालक के कब्जे में रखे एक बैग से कुल 2770 नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद हुए।

पुलिस ने आरोपी की पहचान विक्रम सिंह पुत्र पूरन लाल, निवासी ग्राम महोलिया, बहेड़ी, उत्तर प्रदेश के रूप में की है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त कार को सीज कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में काम करता था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने औषधि निरीक्षक हर्षिता को मौके पर बुलाया। बरामद दवाओं की जांच के दौरान ट्रामाडोल सहित कुछ दवाएं एनडीपीएस अधिनियम के तहत नियंत्रित श्रेणी में पाई गईं। इसके बाद मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की गई।

एसपी रेखा यादव ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वयं को डी-फार्मा धारक बताते हुए कुमाऊं क्षेत्र में दवाइयों की आड़ में नशीली गोलियों की आपूर्ति करने की बात कही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने बनबसा थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसपी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

चंपावत पुलिस के अनुसार, इसी सप्ताह जिले में लाखों रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।