स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी


रानीखेत के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिलियानौला के छात्र मोहम्मद अनस ने टेबल टेनिस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अनस का चयन राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

सोमवार को अल्मोड़ा के हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में मोहम्मद अनस ने अंडर-14 बालक वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें जिले की टीम में स्थान मिला है।



मोहम्मद अनस राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिलियानौला में कक्षा नौ के छात्र हैं। उनके कोच मनमोहन सिंह देव ने बताया कि अनस ने प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।

अब मोहम्मद अनस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अल्मोड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता सितंबर माह के दूसरे सप्ताह में चंपावत में आयोजित होने प्रस्तावित है, जहां प्रदेशभर के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।

अनस की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश कुमार त्रिपाठी सहित शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने खुशी जताई है। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

राजकीय शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष भूपाल चिलवाल, दीपा आर्य, गणेश शाही, कुंदन कंवल, पंकज टम्टा, डॉ. राहुल त्यागी, दिगंबर बिष्ट, श्रीमती मृदुला, राजीव खाती, चंदन मेहरा, संतोष भट्ट, अजय चंद और कुंवर पपने समेत कई लोगों ने अनस को बधाई दी।



उन्होंने कहा कि खेलों में विद्यार्थियों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें बेहतर अवसर और सुविधाएं मिलनी जरूरी हैं। अनस की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है और इससे विद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
वहीं, अनस के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन से उनके परिवार और विद्यालय में उत्साह का माहौल है। अब उनकी नजर सितंबर में होने वाली प्रतियोगिता पर है, जहां वह अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए जिले के लिए बेहतर परिणाम हासिल करने का प्रयास करेंगे।


