छात्रा से मारपीट के मामले में अतिथि शिक्षिका का अनुबंध समाप्त, डीएम ने किया विद्यालय का निरीक्षण

छात्रा से मारपीट के मामले में अतिथि शिक्षिका का अनुबंध समाप्त, डीएम ने किया विद्यालय का निरीक्षण

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

अल्मोड़ा के राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊँ में छात्रा से मारपीट के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने विद्यालय का निरीक्षण कर मामले की पूरी जानकारी ली। उन्होंने प्रधानाचार्य से घटनाक्रम की जानकारी लेने के साथ ही पीड़ित छात्रा के माता-पिता से मुलाकात कर उनका पक्ष भी जाना।

बताया गया कि बीते शनिवार विद्यालय में एक अतिथि शिक्षिका पर छात्रा के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था। घटना से संबंधित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी लमगड़ा और उप खंड शिक्षा अधिकारी धौलादेवी की समिति गठित की गई थी।

जांच समिति ने प्रकरण की जांच कर अपनी रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपी। रिपोर्ट में संबंधित अतिथि शिक्षिका की सेवा समाप्त करने की संस्तुति की गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर अतिथि शिक्षिका का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया और उन्हें सेवा से हटा दिया गया है।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्पष्ट किया कि विद्यालय में अनुशासन के नाम पर छात्र-छात्राओं के साथ किसी भी प्रकार की मारपीट या दंडात्मक कार्रवाई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि बच्चों में अनुशासन बनाए रखने के लिए काउंसलिंग, संवाद और अन्य सकारात्मक तरीकों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

डीएम ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर विद्यार्थियों के अभिभावकों से बातचीत कर समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं से भी बातचीत कर घटना और विद्यालय के माहौल के संबंध में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षकों से मुलाकात कर विद्यालय में पढ़ाई, अनुशासन, शिक्षकों की उपलब्धता और संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की शिक्षा के साथ-साथ उनके सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से विद्यालय में उपलब्ध खेल सुविधाओं की जानकारी भी ली। बच्चों ने फुटबॉल खेलने की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर डीएम ने विद्यालय में खेल सुविधाओं को विकसित करने और फुटबॉल खेलने के लिए आवश्यक मैदान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त करने और परिसर में स्वच्छता बनाए रखने को कहा। साथ ही सड़क से विद्यालय तक पहुंच मार्ग की स्थिति को ठीक करने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीएम ने विद्यालय में पर्याप्त और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। पानी के समुचित भंडारण के लिए टैंक लगाने और पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सौम्या गर्ब्याल, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी रवि मेहता समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।