अल्मोड़ा में 562 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने किया वितरण

अल्मोड़ा में 562 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने किया वितरण

संजय जोशी
अल्मोड़ा

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को अल्मोड़ा जनपद में चयनित 562 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

यह भव्य कार्यक्रम हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम के सभागार में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में नवचयनित महिलाएं और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिका का पद केवल रोजगार नहीं, बल्कि सेवा और सामाजिक बदलाव का माध्यम है। उन्होंने कहा कि पहली बार प्रदेश में ऑनलाइन मोड के माध्यम से इस भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ महज तीन माह में पूरा किया गया है।

रेखा आर्या ने बताया कि पूरे प्रदेश में 7052 पदों पर भर्ती की गई है, जिसमें से 6330 आंगनबाड़ी सहायिकाएं और 722 कार्यकत्रियां शामिल हैं। अकेले अल्मोड़ा जनपद में 50 कार्यकत्रियां और 512 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जनपद में अभी 800 से अधिक रिक्तियां हैं, जिनकी पूर्ति की प्रक्रिया जल्द पूर्ण की जाएगी।

मंत्री ने इस बात पर भी प्रसन्नता जताई कि अब विभाग में उच्च शिक्षित महिलाएं आ रही हैं, जिससे कार्य की गुणवत्ता और सेवा का स्तर बेहतर होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष रिक्त पदों पर भी जल्द से जल्द चयन प्रक्रिया पूरी कर सभी को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएं।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित:

  • भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल
  • मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी
  • जिला कार्यक्रम अधिकारी पीतांबर प्रसाद
  • जिला खेल अधिकारी महेशी आर्य
  • बड़ी संख्या में नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं