


स्थान: लोहाघाट
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

मंगलवार शाम करीब बजे के आसपास लोहाघाट से पोखरी की ओर जा रही बाइक (UK03B 7831) और पाटी से लोहाघाट की ओर आ रही बोलेरो (UK03TA 7770) की खेतीखान के पास आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार भारतीय सेना के जवान दीपेश सिंह महरा और उनकी पत्नी अनीता महरा गंभीर रूप से घायल हो गए।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सवार सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल एक निजी वाहन से लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर सुमित जोशी ने प्राथमिक उपचार किया।



डॉ. जोशी ने बताया कि अनीता महरा के पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दीपेश सिंह महरा के पैर में फ्रैक्चर है। दोनों की हालत खतरे से बाहर है, लेकिन बेहतर इलाज के लिए उन्हें चंपावत जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।



घायलों की पहचान पोखरी निवासी दंपती के रूप में हुई है। दीपेश सिंह महरा भारतीय सेना में कार्यरत हैं और इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही लोहाघाट थाने की 112 पुलिस टीम एएसआई गोपाल सनवाल के नेतृत्व में अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली।

फिलहाल किसी पक्ष द्वारा थाने में तहरीर नहीं दी गई है। हादसे के समय अस्पताल में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घायलों की देखभाल में वार्ड बॉय विक्रम सिंह, पवन करायत, निवर्तमान ग्राम प्रधान राजू फर्त्याल समेत कई स्थानीय लोगों ने सक्रिय सहयोग दिया।


मुख्य बिंदु:

- बाइक और बोलेरो की जोरदार भिड़ंत में सेना का जवान और उसकी पत्नी घायल
- महिला की हालत गंभीर, दोनों को चंपावत रेफर
- दीपेश सिंह महरा छुट्टी पर घर आए थे
- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली, अभी तक कोई तहरीर नहीं


