लक्सर में आकाशीय बिजली का कहर, दो की मौत, दो महिलाएं घायल

लक्सर में आकाशीय बिजली का कहर, दो की मौत, दो महिलाएं घायल

लक्सर 13 जून,
लक्सर तहसील क्षेत्र में शुक्रवार सुबह अचानक मौसम ने करवट ली और तेज़ बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। हुसैनपुर और जैनपुर गांवों में हुई अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।

हुसैनपुर में खेत में काम कर रही महिला की मौत
हुसैनपुर गांव में खेत में काम कर रही भोली देवी पत्नी पवन पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्राम प्रधान पति पुपिंदर के अनुसार, उसी खेत में काम कर रही दो अन्य महिलाएं भी बिजली की चपेट में आकर झुलस गईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद गांव में मचा कोहराम
हादसे की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रशासन द्वारा राहत और सहायता की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जैनपुर में युवक की मौत
इसी प्रकार की एक अन्य घटना में जैनपुर गांव निवासी 22 वर्षीय शाहबाज पुत्र इरसाद पर भी खेत में काम करते समय बिजली गिर गई, जिससे उसकी भी मौके पर मौत हो गई। हालांकि, परिजनों ने इस हादसे की सूचना प्रशासन को नहीं दी

इलाके में मातम, प्रशासन से मुआवजे की मांग
दोनों हादसों के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्राकृतिक आपदा राहत कोष के अंतर्गत मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा उपायों को लागू किया जाए।