
स्थान -जसपुर

ब्यूरो रिपोट

जसपुर/उधम सिंह नगर। प्रदेश सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में जनपद उधम सिंह नगर के तराई पश्चिम वन प्रभाग अंतर्गत फाटो टाइगर सफारी में पर्यटन गतिविधियों को विस्तार देने के उद्देश्य से पतरामपुर क्षेत्र में नए प्रवेश द्वार का शुभारंभ किया गया।

प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने जसपुर पहुंचकर पतरामपुर में विधिवत फीता काटकर गेट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने सफारी के लिए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, पूर्व विधायक शैलेन्द्र मोहन सिंघल, विधायक आदेश चौहान तथा भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


वन मंत्री ने कहा कि राज्य में इको टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं और यदि सुनियोजित ढंग से विकास किया जाए तो दो लाख से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि फाटो टाइगर सफारी की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो जसपुर क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक साबित होगा।

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान से सटा हुआ है, जिससे देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने की बड़ी संभावना है। सफारी के संचालन से स्थानीय युवाओं को गाइड, वाहन चालक और दुकानदार के रूप में रोजगार मिलेगा।

वन मंत्री ने आगे बताया कि तुमड़िया डैम क्षेत्र में रिवर सफारी और बर्ड वॉचिंग की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुबई में रिवर सफारी का मॉडल देखने के बाद राज्य में भी इसी तर्ज पर विकास की योजना बनाई जा रही है, ताकि पर्यटन गतिविधियों का विस्तार हो सके।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वनों की सुरक्षा और प्रबंधन को मजबूत करने के लिए विभाग में दो हजार से अधिक नियुक्तियां की गई हैं। फॉरेस्ट गार्ड, दरोगा और रेंजर जैसे पदों पर नई भर्तियां कर मेन पावर बढ़ाई गई है, जिससे वन संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया। स्थानीय लोगों में भी नए गेट और सफारी संचालन को लेकर उत्साह देखा गया, जिससे आने वाले समय में जसपुर और पतरामपुर क्षेत्र पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बना सकते हैं।

