काठगोदाम–HMT अमृतपुर बाईपास को स्वीकृति, जाम से मिलेगी राहत

काठगोदाम–HMT अमृतपुर बाईपास को स्वीकृति, जाम से मिलेगी राहत

स्थान -भीमताल

ब्यूरो रिपोट

भीमताल/नैनीताल। भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने काठगोदाम से रानीबाग के बीच गुलाब घाटी क्षेत्र में लंबे समय से लगने वाले जाम की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि इससे भीमताल विधानसभा सहित पूरे कुमाऊं क्षेत्र के लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी।

विधायक कैड़ा ने बताया कि लगातार जाम की स्थिति को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से काठगोदाम से दानीजाला–सिमलखेत होते हुए HMT अमृतपुर तक बाईपास मोटर मार्ग निर्माण की मांग की थी।

उन्होंने कहा कि उनकी मांग पर मुख्यमंत्री ने करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबे बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 1 करोड़ 75 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है। जल्द ही इस संबंध में शासनादेश जारी होने की उम्मीद है।

विधायक कैड़ा के अनुसार इस मोटर मार्ग का निर्माण तीन चरणों में किया जाएगा, जिसकी प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद काठगोदाम से HMT अमृतपुर तक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि इस बाईपास के बनने से भीमताल विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊं के लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी और पर्यटकों की आवाजाही भी सुगम होगी।

मोटर मार्ग की स्वीकृति मिलने पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा सांसद अजय भट्ट का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।