
स्थान -चम्पावत

ब्यूरो रिपोट

टनकपुर/चम्पावत। जनपद चम्पावत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक लोक कला और पर्यटन की असीम संभावनाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से बुधवार को ‘चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव–2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव का विधिवत उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से किया।

टनकपुर स्थित केंद्रीय जल आयोग कार्यालय के निकट मैदान में पारंपरिक स्वागत, दीप प्रज्वलन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सात दिवसीय उत्सव की औपचारिक शुरुआत हुई। उद्घाटन अवसर पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन का महत्व और बढ़ गया।


महोत्सव में उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश सहित 10 से अधिक राज्यों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। राज्य के विभिन्न जिलों से आए 37 से अधिक स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों ने स्थानीय उत्पादों के आकर्षक स्टॉल लगाए। पुस्तक मेले में 15 से अधिक प्रकाशकों की सहभागिता रही, जबकि बनारसी साड़ी, कश्मीरी हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाकृतियों ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर जनपद में “मुख्यमंत्री योग सखी दीदी अभियान” का भी शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को योग से जोड़कर उनके स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और सामुदायिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में जिलाधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक प्रतिनिधि, भाजपा जिलाध्यक्ष और मुख्य विकास अधिकारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में विद्यालयी बच्चों द्वारा प्रस्तुत उत्तराखंड की वीर परंपरा का प्रतीक छोलिया नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच से ‘नशा मुक्त भारत’, ‘टीबी मुक्त अभियान’ और एनसीडी/एनवीडीबी जैसे विषयों पर जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

महोत्सव के पहले दिन पतंगबाजी और भव्य रंगोली प्रतियोगिता ने उत्सव को रंगीन बना दिया। सात दिवसीय पुस्तक मेला, फोटो प्रदर्शनी, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और चम्पावत के दुर्लभ बर्तनों की प्रदर्शनी का भी शुभारंभ हुआ, जिससे स्थानीय कला और इतिहास को मंच मिला।

साहसिक पर्यटन गतिविधियों के अंतर्गत चुका क्षेत्र में ‘फील द टेंट’ कैम्पिंग, उचोलीगोंठ में पैरामोटरिंग, डंडाककई में पैराग्लाइडिंग तथा नंधौर वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी में वाइल्डलाइफ सफारी जैसी रोमांचकारी गतिविधियों ने आयोजन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया। ‘चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव–2026’ न केवल सांस्कृतिक संगम बना है, बल्कि पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

