हंगामे की भेंट चढ़ी बी डी सी की बैठक।सदन शुरू होने से पहले ही बहिष्कार के उठे स्वर।

हंगामे की भेंट चढ़ी बी डी सी की बैठक।सदन शुरू होने से पहले ही बहिष्कार के उठे स्वर।

स्थान -द्वाराहाट

ब्यूरो रिपोट

द्वाराहाट विकासखंड में आज पूर्व निर्धारित ब्लॉक विकास समिति (बीडीसी) की बैठक आयोजित की गई, लेकिन जिले के अधिकारियों की अनुपस्थिति ने प्रतिनिधियों में आक्रोश भड़का दिया। बैठक शुरू होते ही कई जन प्रतिनिधियों ने सदन का बहिष्कार कर बाहर निकलने की चेतावनी दी।

कुछ देर बाद एडीएम अल्मोड़ा बैठक में पहुंचीं और उन्होंने कहा कि वे अभी वीसी (वीडियो कॉन्फ्रेंस) कर रही हैं, फिर बैठक में प्रतिभाग करेंगी। यह सुनते ही जन प्रतिनिधि और आक्रोशित हो गए, लेकिन काफी हंगामे के बाद बैठक पुनः शुरू की जा सकी।

बैठक का अधिकांश समय जल जीवन मिशन के मुद्दों पर ही बहस में व्यतीत हुआ। बावजूद इसके समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। ग्रामीण प्रतिनिधियों ने अधिकारियों की गैरहाजिरी पर निराशा जताई।

गवाँड़ ग्राम प्रधान सपना ने सड़क के अलाइनमेंट को बदलने के आदेश स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि आदेश नहीं दिखाए गए तो आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

वहीं नैनी रियुनी ग्राम प्रधान हेमा देवी ने स्वास्थ्य विभाग से ग्राम सभा में शिविर आयोजित कर महिलाओं के ब्रेस्ट और यूट्रस संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान की मांग की।

सभी जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बैठक में किसी भी अधिकारी ने समस्या का समाधान नहीं किया। बैठक केवल चाय-नाश्ते तक ही सीमित रही और बाकी समय केवल खानापूर्ति की गई।

बैठक के दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख ममता भट्ट और वर्तमान ब्लॉक प्रमुख डॉ आरती किरौला के बीच भी गरमा-गरम बहस हुई, जिससे सदन का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि अधिकारियों ने आगामी बैठकों में सक्रिय भागीदारी नहीं दिखाई, तो वे आंदोलन सहित अन्य कड़े कदम उठाने को तैयार हैं।