नैनीताल जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर खाली कराया गया

नैनीताल जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर खाली कराया गया

स्थान -हल्द्वानी नैनीताल

रिपोटर-मुस्तज़र फारुकी

नैनीताल में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने की सूचना सामने आई। यह ई-मेल जिला जज को भेजा गया था, जिसमें कोर्ट परिसर में विस्फोटक लगाए जाने का दावा किया गया।

ई-मेल में दोपहर 12:15 बजे विस्फोट होने की चेतावनी दी गई थी। संदेश में लिखा गया कि जज के चैंबर में 12 आईईडी और आरडीएक्स लगाए गए हैं, जो तय समय पर ब्लास्ट किए जाएंगे। धमकी मिलने के बाद न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

धमकी भरे संदेश में तमिलनाडु में ईडब्ल्यूएस आरक्षण लागू करने का विरोध जताने की बात भी लिखी गई थी। मैसेज में “EWS Reservation Implementation in Tamil Nadu by DMK Government” का जिक्र करते हुए इसे रोकने की मांग की गई और ऐसा न होने पर विस्फोट की धमकी दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गए। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराया गया।

हल्द्वानी बार एसोसिएशन ने एहतियातन सभी वकीलों और वादकारियों को कोर्ट से बाहर निकालने का निर्णय लिया। जिन लोगों की तारीख या केस की सुनवाई थी, उन्हें तत्काल घर लौटने की सलाह दी गई।

एहतियाती कदम के तहत सिविल कोर्ट परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। हर आने-जाने वाले की सघन जांच की गई और परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल की जांच में जुटी हैं। साइबर टीम द्वारा ई-मेल के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि धमकी देने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान की जा सके।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। जांच पूरी होने तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।