देहरादून में नदी-नालों व सड़कों पर कूड़ा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई

देहरादून में नदी-नालों व सड़कों पर कूड़ा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

राजधानी देहरादून में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर नगर निगम ने सख्त कदम उठाए हैं। नदी-नालों और सड़कों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नगर निगम की टीमों द्वारा लगातार निगरानी करते हुए कार्रवाई की जा रही है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, खुले में या नदी-नालों में कूड़ा फेंकते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मौके पर ही चालान की कार्रवाई की जा रही है। कई स्थानों पर लोगों को चेतावनी भी दी जा रही है, ताकि वे भविष्य में इस तरह की लापरवाही न करें।

नगर निगम का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने से न केवल शहर की सुंदरता प्रभावित होती है, बल्कि जल स्रोत भी प्रदूषित होते हैं, जिससे पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों को नुकसान पहुंचता है।

इस संबंध में देहरादून के उपनगर आयुक्त तनवीर सिंह मारवाह ने बताया कि एंटी लिटरिंग एक्ट के तहत कूड़ा फेंकने वालों पर अधिकतम 5,000 रुपये तक का चालान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 के दिसंबर माह में भी इस तरह की शिकायतें सामने आई थीं, जिन पर नगर निगम द्वारा कार्रवाई की गई थी।

नगर निगम ने आम जनता से अपील की है कि कूड़ा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें और स्वच्छ देहरादून अभियान में सहयोग करें, ताकि राजधानी को साफ, सुंदर और प्रदूषण-मुक्त बनाया जा सके।