गौरापड़ाव में राष्ट्रीय राजमार्ग 109 का फॉरलेन निर्माण, यातायात व्यवस्था सुधारने की तैयारी

गौरापड़ाव में राष्ट्रीय राजमार्ग 109 का फॉरलेन निर्माण, यातायात व्यवस्था सुधारने की तैयारी

स्थान : लालकुआँ

रिपोर्टर : मुन्ना अंसारी

राष्ट्रीय राजमार्ग 109 में फॉरलेन निर्माण के बाद गौरापड़ाव में यातायात अव्यवस्था ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

हाल ही में बने बेतरतीब कट के कारण कई दुर्घटनाएं घटित हो चुकी हैं और हल्द्वानी से आने वाले वाहन गलत साइड से आने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

परिवहन विभाग ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग कर्मचारियों के साथ गौरापड़ाव का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के बाद रोड सेफ्टी कमेटी के निर्देशानुसार यातायात व्यवस्था सुधारने की योजना बनाई गई है।

आज एआरटीओ जितेंद्र सिंघवान ने स्थलीय निरीक्षण के दौरान बताया कि गौरापड़ाव में आमने-सामने बने कट को बंद करके उसे व्यवस्थित बनाया जाएगा।

इसका उद्देश्य वाहन अचानक आमने-सामने न आने पाए और दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

योजना के अनुसार सर्विस लाइन से लगे कट को 200 मीटर आगे और दूसरा कट 700 मीटर आगे स्थानांतरित किया जाएगा। इस बदलाव से वाहनों के मार्ग में स्पष्टता आएगी और जाम की स्थिति कम होगी।

एआरटीओ ने कहा कि विभाग लगातार मार्ग की सुरक्षा और सुगमता पर नजर रखे हुए है।

गौरापड़ाव में सुधार से ना केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी बल्कि आम यात्रियों के लिए भी यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक होगी।

परिवहन विभाग ने स्थानीय नागरिकों और वाहनों के चालकों से सहयोग की अपील की है ताकि बदलाव के दौरान कोई अव्यवस्था न हो। उन्होंने कहा कि सड़क परिवहन नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य रहेगा।

विभाग ने यह भी आश्वासन दिया कि मार्ग पर अन्य संवेदनशील हिस्सों का भी निरीक्षण कर समय-समय पर आवश्यक सुधार किया जाएगा।

इसका उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और ट्रैफिक की सुचारू गति बनाए रखना है।