आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का धरना 24वें दिन भी जारी, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने दिया समर्थन

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का धरना 24वें दिन भी जारी, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने दिया समर्थन

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

मानदेय बढ़ाने और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की एकमुश्त धनराशि सहित विभिन्न मांगों को लेकर चंपावत जिले की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को 24वें दिन भी जारी रहा। लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया और कार्यकत्रियों की समस्याएं सुनीं।

लोहाघाट विधायक ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की मांगों को जायज बताते हुए प्रदेश सरकार से शीघ्र समाधान करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने कार्यकत्रियों के साथ धरने पर बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विधायक ने आरोप लगाया कि पिछले 24 दिनों से आंदोलन जारी रहने के बावजूद सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है।

विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने प्रदेश सरकार की महिला कल्याण नीतियों पर सवाल उठाते हुए बाल विकास मंत्री सहित कई मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं। विधायक ने प्रशासन पर कार्यकत्रियों को उचित धरना स्थल उपलब्ध नहीं कराने का भी आरोप लगाया।

विधायक अधिकारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का न्यूनतम मासिक वेतन 20 हजार रुपये और सहायिकाओं का 15 हजार रुपये निर्धारित करने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।

वहीं, लोहाघाट के रैन बसेरे में संगठन की जिलाध्यक्ष मीना बोहरा के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने धरना जारी रखा। आंदोलनरत कार्यकत्रियों ने मासिक मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये करने और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की एकमुश्त धनराशि उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

जिलाध्यक्ष मीना बोहरा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन सरकार की ओर से केवल आश्वासन मिल रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों के संबंध में शासनादेश जारी नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें नौ हजार रुपये और सहायिकाओं को मात्र 5,200 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाता है। आरोप है कि यह धनराशि भी समय पर नहीं मिलती है। इतने कम मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है, जबकि उनसे विभागीय कार्यों के अतिरिक्त बीएलओ सहित अन्य जिम्मेदारियों का भी निर्वहन कराया जाता है।

कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की हड़ताल के चलते जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में पिछले कई दिनों से ताले लटके हुए हैं। कार्यकत्रियों ने सरकार के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि एक ओर महिला सशक्तीकरण की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं को अपनी मांगों के लिए धरने पर बैठना पड़ रहा है।

जिलाध्यक्ष मीना बोहरा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार को जवाब देने की भी बात कही। वहीं, विधायक द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों और कार्यकत्रियों की मांगों पर सरकार एवं संबंधित विभाग का पक्ष उपलब्ध नहीं है।