
स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था अब आपातकालीन सेवाओं के लिए भी बड़ी चुनौती बनती जा रही है। रामनगर के कोसी बैराज पर लगे भीषण जाम में गंभीर हृदय रोगी को लेकर जा रही 108 एंबुलेंस करीब 15 से 20 मिनट तक फंसी रही। इस घटना ने शहर की यातायात व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

कोसी बैराज पर करीब 350 मीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जाम में फंसी एंबुलेंस का सायरन लगातार बजता रहा, लेकिन वाहनों की भीड़ के बीच उसे निकलने का रास्ता नहीं मिल सका। आपातकालीन सेवा के बाधित होने से मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने में परेशानी हुई।




दरअसल, रामनगर संयुक्त चिकित्सालय से एक गंभीर हृदय रोगी को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया था। मरीज को लेकर जा रही 108 एंबुलेंस कोसी बैराज पर लगे जाम में फंस गई, जिससे उसे आगे ले जाने में देरी हुई।


एंबुलेंस चालक जीवन सिंह अधिकारी ने बताया कि शहर में लगभग हर तरफ जाम की स्थिति बनी हुई है। डिग्री कॉलेज की ओर से आने के बाद उनकी एंबुलेंस भी करीब 15 से 20 मिनट तक जाम में फंसी रही। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस में हृदय रोग से पीड़ित मरीज था, जिसे अस्पताल से रेफर किया गया था।



रामनगर में यातायात जाम की समस्या अब रोजमर्रा की परेशानी बनती जा रही है। कोसी बैराज के अलावा रानीखेत रोड, भवानीगंज, शिवलालपुर चुंगी और शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
सुबह और शाम के समय यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो जाती है। इसका खामियाजा स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। जाम के कारण लोगों का समय बर्बाद होने के साथ दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।




स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार बिगड़ रही यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस और प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। विशेष रूप से आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।


क्षेत्रवासियों ने शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती करने की मांग की है। साथ ही जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रभावी यातायात योजना तैयार कर उसे लागू करने की मांग उठाई है।
कोसी बैराज पर गंभीर मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस का जाम में फंसना चिंताजनक है। आपातकालीन परिस्थितियों में प्रत्येक मिनट महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर रामनगर की बदहाल यातायात व्यवस्था कब सुधरेगी और मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए प्रशासन क्या कदम उठाएगा।

