
स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान 140 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 26 वाहनों को सीज किया गया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा और एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीमों ने विभिन्न मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम करना रहा।





परिवहन विभाग की टीमों ने सिडकुल, सिंहद्वार, लक्सर मार्ग और श्यामपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की जांच की। इस दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।


अभियान के दौरान सबसे अधिक मामले बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के सामने आए। परिवहन विभाग ने हेलमेट नहीं पहनने वाले 77 वाहन चालकों के चालान किए। साथ ही वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।



चेकिंग के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने पर 19 और बिना बीमा वाहन संचालित करने पर 22 चालान किए गए। इसके अलावा बिना वैध परमिट संचालित हो रहे 10 वाहनों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग ने वाहन फिटनेस संबंधी अनियमितताओं, वाहनों में अनधिकृत बदलाव और अवैध पार्किंग सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 140 वाहनों के चालान किए गए और 26 वाहनों को सीज किया गया।




विशेष चेकिंग अभियान के माध्यम से परिवहन विभाग ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। वाहन चालकों से अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की गई।


विभाग ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने की अपील की। यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सकता है।
हरिद्वार में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने आम जनता से सहयोग की अपील की है। विभाग ने वाहन चालकों से जिम्मेदारीपूर्वक वाहन संचालन करने और यातायात नियमों की अनदेखी नहीं करने का आह्वान किया है।

