सुशीला तिवारी अस्पताल में डीएम का औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

सुशीला तिवारी अस्पताल में डीएम का औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

कुमाऊं के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में लगातार मिल रही अव्यवस्थाओं की शिकायतों के बाद नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी के अचानक अस्पताल पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।

जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण करते हुए रैन बसेरे की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान रैन बसेरे की बदहाल स्थिति और अस्पताल परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने अस्पताल प्रशासन को फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर भर्ती मरीजों का हाल जाना। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उपचार, दवाइयों और अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी हासिल की।

सर्जरी वार्ड के निरीक्षण के दौरान मरीजों के लिए लगाए गए बेड फटे हुए मिले। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अस्पताल प्रशासन को तत्काल बेड दुरुस्त कराने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

वहीं, मरीजों को अस्पताल से बाहर की दवाइयां लिखे जाने की शिकायतों पर भी जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों को अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों और स्वास्थ्य सुविधाओं का समुचित लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने रैन बसेरे की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ ही अस्पताल परिसर और वार्डों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

औचक निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट और सुशीला तिवारी अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान सामने आई खामियों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब देखना होगा कि जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं में कितना सुधार होता है।