बैणी-भुली योजना पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, सरकार पर चुनावी लाभ लेने का आरोप

बैणी-भुली योजना पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, सरकार पर चुनावी लाभ लेने का आरोप

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से घोषित बैणी-भुली योजना को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस ने योजना पर सवाल उठाते हुए प्रदेश सरकार पर चुनावी लाभ लेने के उद्देश्य से घोषणा करने का आरोप लगाया है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने बैणी-भुली योजना समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार की ओर से आजीविका मिशन से जुड़ी करीब पांच लाख 23 हजार महिलाओं को चुनाव से पहले 10 हजार रुपये और चुनाव के बाद 10 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है।

कांग्रेस नेताओं ने योजना के क्रियान्वयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि अभी तक इस संबंध में कोई शासनादेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने योजना की घोषणा और उसके धरातल पर लागू होने को लेकर सवाल खड़े किए।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कैबिनेट मंत्री द्वारा बैणी-भुली योजना को गेम चेंजर बताए जाने पर तंज कसा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित की योजनाओं के बजाय चुनावी लाभ को ध्यान में रखकर घोषणाएं कर रही है।

हरीश रावत ने कहा कि सरकार को पांच साल तक जनता के कल्याण और प्रदेश के विकास के लिए काम करना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब चुनाव के समय अलग-अलग वर्गों के खातों में धनराशि डालकर चुनाव जीतना चाहती है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने बैणी-भुली योजना के अलावा अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर भी प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने इस मामले में सरकार की भूमिका और अब तक की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

प्रेस वार्ता के दौरान किसानों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए और जनहित के मुद्दों पर जवाबदेही की बात कही।

बैणी-भुली योजना को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एक ओर सरकार के मंत्री इसे गेम चेंजर बता रहे हैं, वहीं कांग्रेस इसे चुनावी लाभ लेने की कोशिश करार दे रही है। कांग्रेस के आरोपों पर सरकार की विस्तृत प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं है।