
स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस ने विशेष वाहन निरीक्षण अभियान चलाया। एक सप्ताह तक चले इस अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश एवं एसपी अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में 16 से 22 नवंबर 2026 तक जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।




अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों के साथ ही अन्य यात्री वाहनों की सघन जांच की। वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, फिटनेस प्रमाणपत्र, यातायात नियमों के अनुपालन और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।


एक सप्ताह तक चले विशेष अभियान में पुलिस ने कुल 2,674 वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत 373 वाहनों के चालान किए गए।


इसके अलावा नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान नशे में वाहन चलाने के चार मामलों में वाहनों को सीज किया गया।

पुलिस ने कार्रवाई के साथ-साथ यातायात जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया। अभियान के दौरान 3,135 वाहन चालकों एवं अन्य लोगों को यातायात नियमों, सीट बेल्ट की उपयोगिता, निर्धारित गति सीमा और सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में जानकारी दी गई।



निरीक्षण के दौरान वाहन चालकों को वाहनों में पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने और भविष्य में यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने की चेतावनी दी गई। विशेष रूप से स्कूली बच्चों का परिवहन करने वाले वाहनों में पाई गई कमियों को तत्काल दूर कराया गया।


नैनीताल पुलिस ने सभी स्कूल प्रबंधनों और वाहन चालकों से अपील की है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, फिटनेस प्रमाणपत्र और निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूर्ण रखें।
पुलिस ने आम जनता से भी नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहने की अपील की है। साथ ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया है।

