
स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण बनाए जाने की मांग को लेकर हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में 18 अक्टूबर से जारी अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन लगातार जारी है। आंदोलन के 39वें दिन मासी निवासी राज्य आंदोलनकारी जगदीश नेगी क्रमिक अनशन पर बैठे। इस दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे आंदोलनकारियों ने गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग उठाई।

राज्य आंदोलनकारी जगदीश नेगी ने कहा कि उत्तराखंड की स्थायी राजधानी के लिए लंबे समय से संघर्ष किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रण से प्राण तक हम इस मांग के लिए संकल्पित हैं। जब तक गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने राज्यवासियों से एक बार फिर एकजुट होने की अपील की।




आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पूर्व आईएएस अधिकारी विनोद प्रसाद रतूड़ी ने बताया कि पिछले 39 दिनों से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लोग हल्द्वानी के बुद्ध पार्क पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं। लगातार मिल रहे जनसमर्थन से आंदोलनकारियों का उत्साह बढ़ रहा है और उन्हें विश्वास है कि स्थायी राजधानी का यह संघर्ष सफल होगा।

रतूड़ी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने के संबंध में कोई निर्णय नहीं लेती है तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर आंदोलनकारी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


अनशन के समर्थन में पहुंचे समाजसेवी संतोष नेगी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण पहाड़ के अस्तित्व, अस्मिता और संस्कृति की रक्षा के लिए हुआ था। दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य गठन के वर्षों बाद भी स्थायी राजधानी का प्रश्न अधूरा है।
उन्होंने कहा कि पहाड़ के खेत, किसान, गांव और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाना आवश्यक है। राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों के सपनों को अब और अधूरा नहीं रखा जाना चाहिए।



आंदोलनकारियों ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि पहाड़ की पहचान, पलायन, रोजगार और पर्वतीय क्षेत्रों के विकास से जुड़े सवालों को लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।

इस दौरान गोपाल दत्त कमेड़ी, पहाड़ी आर्मी के हरीश रावत, जगदीश ममगाईं, प्रेमा मेर, विनोद घड़ियाल, तारा पांडेय, नीमा भट्ट, अंजू पांडेय, राजेंद्र कांडपाल, आनंद कन्याल, यूकेडी नेता भुवन जोशी, गौरव बजेला, विनोद नेगी, देवेंद्र सालाकोट, रजत पाटनी, हिमानी पांडे, ज्योतिष्ण पांडे और कार्तिक दास सहित सैकड़ों आंदोलनकारी मौजूद रहे।

