
ब्यूरो रिपोर्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में बुनियादी ढांचे, औद्योगिक विकास, हवाई कनेक्टिविटी और डाक सेवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि असम में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

केंद्रीय कैबिनेट ने असम के सिलचर स्थित डोलू में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण के लिए 2,014 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। परियोजना का पूरा खर्च भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) अपने आंतरिक संसाधनों से वहन करेगा। नया एयरपोर्ट पूर्वोत्तर राज्यों की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




प्रस्तावित एयरपोर्ट में 12,351 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का आधुनिक टर्मिनल और 2,705 मीटर लंबा तथा 45 मीटर चौड़ा रनवे बनाया जाएगा। एयरपोर्ट की क्षमता व्यस्त समय में 800 यात्रियों और सालाना करीब 10.10 लाख यात्रियों को संभालने की होगी।

नया सिलचर एयरपोर्ट मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड और मणिपुर के लिए महत्वपूर्ण संपर्क केंद्र के रूप में विकसित होगा। इससे बराक घाटी और आसपास के पूर्वोत्तर क्षेत्रों में पर्यटन, व्यापार और माल परिवहन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से फल-सब्जियों जैसे जल्द खराब होने वाले कृषि उत्पादों के हवाई परिवहन में सुविधा मिलेगी।


कैबिनेट ने भारत को भारी निर्माण मशीनों के विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बनाने के उद्देश्य से 11 हजार करोड़ रुपये की योजना को भी मंजूरी दी है। निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरण विनिर्माण से जुड़ी यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक आठ वर्षों के लिए संचालित की जाएगी।
इस योजना के अंतर्गत क्रेन, बुलडोजर, टनल बोरिंग मशीन, ऑफ-हाइवे ट्रक, एक्सकेवेटर, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीनों जैसे उपकरणों के घरेलू उत्पादन को प्रोत्साहित किया जाएगा। योजना का उद्देश्य विदेशी आयात पर निर्भरता कम करने के साथ घरेलू विनिर्माण क्षमता और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना है।



केंद्रीय कैबिनेट ने कामराजार पोर्ट लिमिटेड में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास को भी मंजूरी दी है। जीएसटी सहित परियोजना की अनुमानित लागत 4,288.26 करोड़ रुपये है। इसके तहत 900 मीटर लंबा कंटेनर टर्मिनल विकसित किया जाएगा, जिसकी सालाना कंटेनर संचालन क्षमता 20 लाख टीईयू होगी।

इसके अलावा कैबिनेट ने 1,141 करोड़ रुपये के बजट के साथ डाक संचालन योजना को जारी रखने की मंजूरी दी है। इस योजना के माध्यम से डाक नेटवर्क का आधुनिकीकरण, पार्सल सेवाओं का विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं की पहुंच बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा।
कैबिनेट ने डाक विभाग की संपदा प्रबंधन योजना को भी 1,491 करोड़ रुपये के बजट के साथ जारी रखने की मंजूरी दी है। इन सभी फैसलों के माध्यम से देश में परिवहन सुविधाओं, औद्योगिक विनिर्माण, बंदरगाह क्षमता और डाक सेवाओं को मजबूत बनाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही क्षेत्रीय विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

